गोपालगंज में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, इलाके में मच गई सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, मामले की जांच में जुटी पुलिस
गोपालगंज के उचकागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सांखे बाजार से कवही जाने वाले मार्ग पर ईदगाह के समीप चंवर में आम के पेड़ से युवक का शव लटका मिला
गोपालगंज: गोपालगंज जिला के उचकागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सांखे बाजार से कवही जाने वाले मार्ग पर ईदगाह के समीप चंवर में शनिवार की संध्या एक आम के पेड़ से 20 वर्षीय युवक का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक की पहचान उचकागांव थाना क्षेत्र के सांखे खास गांव स्थित पचमवा टोला निवासी कृष्ण यादव के 20 वर्षीय पुत्र साहिल यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि ग्रामीणों ने शाम के समय कवही ईदगाह के समीप आम के पेड़ से युवक का शव लटका देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, उचकागांव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि युवक का शव बिना शर्ट और गंजी के पाया गया। शव पेड़ की डाल से रस्सी और एक शर्ट के सहारे लटका हुआ था। मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के पिता कृष्ण यादव, सौतेली मां सीमा देवी तथा भाई युवराज यादव और विशाल यादव का विलाप देख माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों के अनुसार मृतक के पिता कोलकाता में रेल विभाग में कार्यरत हैं और कुछ दिन पूर्व गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे, जिसके बाद पांच दिन पहले वापस लौट गए थे।
परिजनों ने युवक की हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शनिवार की सुबह साहिल अपने साथियों के साथ तुलसिया चंवर में क्रिकेट खेलने गया था। इसके बाद करीब साढ़े 12 बजे कुछ बाइक सवार युवक उसे बुलाकर अपने साथ ले गए। देर शाम उसका शव कवही चंवर में पेड़ से लटका मिला।मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई साक्ष्य एकत्र किए। वहीं पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से इस सनसनी से घटना की जांच पड़ताल करने में जुटी हुई हैं।
dhananjaykumarroy